मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र के खान पिपरा गांव में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची प्रशासनिक एवं पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले में पुलिस के दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जानकारी के अनुसार, फेनहारा अंचल प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ खान पिपरा गांव में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर मौजूद कुछ लोग उग्र हो गए और प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ की ओर से पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया गया।
अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उपद्रवियों ने पुलिस के दो वाहनों को निशाना बनाया, जिससे उनके शीशे सहित कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। हमले में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल के साथ वरीय अधिकारी खान पिपरा गांव पहुंचे। पुलिस बल की मौजूदगी के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
दो गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पथराव एवं उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पूरे घटनाक्रम पर पुलिस एवं प्रशासन की नजर बनी हुई है।