फतह सिंह उजाला 
पटौदी 22 जुलाई । यातायात पुलिस द्वारा सुरक्षित वाहन पॉलिसी  के अंतर्गत बुधवार को  न्यू हैप्पी चाइल्ड स्कूल, एचसीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल और केशव सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटौदी में विशेष अभियान चलाकर लगभग 12 स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान जोनल ऑफिसर  पटौदी सिटी टी-पॉइंट  एएसआई धर्मबीर, आरटीओ गुरुग्राम एवं बीओ पटौदी ने उपस्थित बस चालकों एवं स्कूल प्रबंधन को सुरक्षित वाहन पॉलिसी के प्रावधानों से अवगत कराया तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने एवं सभी सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करने बारे निर्देशित किया।

इस दौरान बसों में सुरक्षा संबंधी आवश्यक मानकों, दस्तावेजों, आपातकालीन उपकरणों तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। साथ ही सभी बस चालकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन, निर्धारित गति सीमा का पालन, यातायात नियमों का अनुपालन तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।