गोवर्धन रजक/ धनबाद: पूरे देश के साथ-साथ कोयलांचल धनबाद में भी 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026' बेहद उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। धनबाद जिले के गोविंदपुर स्थित स्मार्ट सिटी क्रीड़ा केंद्र में आज सुबह एक भव्य सामूहिक योग शिविर का आयोजन किया गया। क्रीड़ा भारती धनबाद जिला एवं भाजपा गोविंदपुर पूर्वी मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष शिविर में नगर के प्रबुद्ध नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने सैकड़ों की संख्या में भाग लेकर "योग करें, निरोग रहें" के संकल्प को धरातल पर उतारा।
*सुबह 5:30 बजे से ही सज गईं योग की चटाइयां**
स्वास्थ्य और मानसिक शांति के प्रति जागरूक धनबाद वासी सुबह ठीक 5:30 बजे से पहले ही आयोजन स्थल पर जुटने शुरू हो गए थे। अनुभवी योग प्रशिक्षक सोनाराम महतो, राजेंद्र सिंह और सुरेश रजक के नेतृत्व में शिविर की शुरुआत हुई। प्रशिक्षकों ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न प्रकार के आसन जैसे ताड़ासन, हस्तपादासन, मंडूकासन, भ्रामरी, भुजंगासन, कपालभाति और ध्यान (मेडिटेशन) का गहन अभ्यास कराया और इसके शारीरिक व मानसिक फायदों से रूबरू कराया।
*तनाव मुक्ति के लिए जीवन में योग को अपनाना जरूरी: तारा देवी*
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा नेत्री तारा देवी ने दैनिक जीवन में तनाव मुक्ति और सकारात्मक ऊर्जा के संचार के लिए ध्यान के महत्व को समझाया। वहीं विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष मोहन चंद्र कुम्भकार ने सही तरीके से सांस लेने की प्रक्रियाओं (प्राणायाम) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में पहुंचे स्मार्ट सिटी के निदेशक राज प्रकाश ने क्षेत्र में योग को निरंतर बढ़ावा देने के लिए अपने स्तर से हर संभव सहयोग देने का पूरा आश्वासन दिया।
*शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का विज्ञान है योग: कौशल कुमार**
झारखंड प्रांत संपर्क प्रमुख कौशल कुमार ने "क्रीड़ा वृत्या सदाचारों" एवं "राष्ट्रदेवो कृती युवा" के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का अद्भुत विज्ञान है। आज जिस तरह से गोविंदपुर के नागरिकों ने स्वतः स्फूर्त होकर इस शिविर को सफल बनाया है, वह एक स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में बेहद सराहनीय कदम है।
शिविर का सफल संचालन क्रीड़ा भारती धनबाद जिला सचिव मुकुल पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक शांति पाठ और सभी के उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना के साथ हुआ।
कार्यक्रम में ये मुख्य लोग रहे उपस्थित:
इस बड़े योग महाशिविर को सफल बनाने में क्रीड़ा भारती की मातृशक्ति आयाम प्रमुख शकुन्तला मिश्रा, गोविंदपुर पूर्वी मंडल प्रमुख तालेश्वर साव, स्मार्ट सिटी विकास कल्याण समिति के सचिव उमेश शर्मा, उपाध्यक्ष बी मिश्रा, अजीत उपाध्याय, विवेकानंद पासवान, किशोर कुमार रावत, गणेश सिंह, मनभूल राय, मनोरंजन चक्रवर्ती, धनंजय सिंह, पूनम देवी, इंदु मिश्रा, डी एन दुबे, राखी चौबे, रम्मी रानी, इला झा, सुरैची देवी, अल्पना तिवारी, पूनम रजक, रामईश्वर चौधरी, राजेश तिवारी, अशोक दत्ता, सहदेव मंडल, रंजू साहनी, अमृता सिंह, कंचन देवी और शार्दा वर्णवाल सहित सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण व बच्चे मुख्य रूप से उपस्थित थे।