ओम प्रकाश तिवारी
मोतिहारी। संभावित बाढ़ एवं नदी कटाव की आशंका को देखते हुए पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बुधवार को चंपारण तटबंध के समीप स्थित तिवारी टोला का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी की वर्तमान स्थिति, तटबंध की सुरक्षा व्यवस्था तथा संभावित कटाव की आशंका का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, मोतिहारी के कार्यपालक अभियंता ई. रंजन प्रकाश, सहायक अभियंता शांतनु कुमार तथा कनीय अभियंता ई. दिपेश कुमार भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने चंपारण तटबंध के किलोमीटर 104 के समीप लगभग 1.1 किलोमीटर अंदर नदी भाग में स्थित तिवारी टोला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तकनीकी अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में तिवारी टोला नदी के किनारे से लगभग 125 मीटर से अधिक दूरी पर सुरक्षित स्थिति में अवस्थित है। इसके बावजूद प्रशासन किसी भी संभावित खतरे को लेकर पूरी तरह सतर्क है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि संबंधित स्थल पर लगातार सूक्ष्म निगरानी रखी जाए। यदि कहीं भी नदी कटाव की स्थिति उत्पन्न होती है तो तत्काल बचाव एवं सुरक्षा कार्य प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी आवश्यक संसाधन एवं मशीनरी पूर्व से ही तैयार रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने भी अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ एवं कटाव प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग पूरी तरह तैयार रहें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय परिस्थितियों का आकलन किया तथा बाढ़ नियंत्रण विभाग के अभियंताओं से आवश्यक तकनीकी जानकारी भी प्राप्त की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संभावित बाढ़ और नदी कटाव को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा स्थिति के अनुसार समय पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि तिवारी टोला एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।