हुगली जिले के उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में राजनीति ने नया मोड़ ले लिया है। पहले जहां मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा था, वहीं अब एक और मजबूत चेहरे की एंट्री से समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।
कोन्ननगर के कनाईपुर अंचल के पूर्व पंचायत प्रधान और सक्रिय टीएमसी नेता रहे अच्छेलाल यादव ने आज निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया। उनके मैदान में उतरते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
पहले कयास लगाए जा रहे थे कि अच्छेलाल यादव भाजपा में शामिल हो सकते हैं, लेकिन इन अटकलों पर विराम लगाते हुए उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया। दूसरी ओर, भाजपा ने उत्तरपाड़ा सीट से पूर्व एनएसजी कमांडो दीपांजन चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अच्छेलाल यादव की हिंदी भाषी मतदाताओं पर मजबूत पकड़ है, जिससे भाजपा को नुकसान हो सकता है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस को भी उनके उतरने से वोट कटने का खतरा है।
अब तक यह मुकाबला माकपा, तृणमूल और भाजपा के बीच माना जा रहा था, लेकिन निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अच्छेलाल यादव की एंट्री ने इसे और रोचक बना दिया है।
अच्छेलाल यादव ने कहा कि उत्तरपाड़ा में सभी राजनीतिक दल कार्यकर्ताओं से बंधुआ मजदूर की तरह काम करवाते हैं और उनकी लड़ाई इसी व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने तृणमूल से नीतिगत मतभेद के चलते संबंध तोड़ने की बात कही और दावा किया कि जनता का समर्थन उनके साथ है, जिससे उनकी जीत तय है।