दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो

कायमगंज (फर्रुखाबाद)। कांग्रेस नेता मोहम्मद उमर खुर्शीद के नेतृत्व में बुधवार को पिथौरा स्थित जाकिर महल में आयोजित "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से खटीमा के पूर्व विधायक भुवन कापड़ी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से छात्रों को नीट पेपर लीक प्रकरण पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का संदेश दिखाया गया। इसके बाद कांग्रेस नेता मोहम्मद उमर खुर्शीद के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण मार्च निकालते हुए तहसील कायमगंज की ओर रवाना हुए।

आरोप है कि कार्यक्रम स्थल के बाहर पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस नेता मोहम्मद उमर खुर्शीद, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंकुर मिश्रा और जुनैद खान की पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। विरोध स्वरूप कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

बाद में कार्यकर्ताओं ने दूसरे मार्ग से यात्रा निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोप लगाया गया कि पुलिस ने कार्यक्रम स्थल का गेट बंद कर कुछ कार्यकर्ताओं को बाहर नहीं निकलने दिया। इस पर कांग्रेस नेताओं ने विरोध दर्ज कराते हुए पहले गेट खुलवाया और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पिथौरा शीतगृह तक पहुंचे, जहां सभा आयोजित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अनिल मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा, जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी, उजैर अली खान, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अम्मार अली जैदी, विधानसभा अध्यक्ष शिवआशीष तिवारी, अतीक सलमानी, अशोक राठौर, अशोक सिंह, रमाकांत मिश्रा, वात्सल्य मिश्रा, लक्ष्मण शाक्य, ऋषभ मिश्रा, शुभम श्रीवास्तव, प्रमोद पांडे, रामदत्त, जाहिदा परवीन, जावेद खान, रोहित वर्मा, फराज खान, सैफी भाई, सुमित मिश्रा, तन्मय मिश्रा, चमन खान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।