दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।महिजाम थाना क्षेत्र के पीपला मोड़ के समीप हाईवे 419 पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रहे एक थार वाहन और रसगुल्ला लेकर जा रहे मालवाहक टेंपो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क का घुमावदार मोड़ होने के कारण दोनों वाहन अचानक आमने-सामने आ गए। तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोने के कारण थार वाहन सीधे मालवाहक टेंपो से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में महिजाम के किशन नगर निवासी नितेश कुमार तथा बिंदापाथर क्षेत्र के पारसी गांव निवासी चंद पहाड़िया गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल जामताड़ा पहुंचाया गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही महिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया तथा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीपला मोड़ पर सड़क काफी घुमावदार है और यहां पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।