राजु मंडल रफ्तार मीडिया / गांडेय
गांडेय प्रखंड परिसर में आयोजित दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस सह डीएल बनाने वाला शिविर भारी हंगामे के बीच संपन्न हो गया। शिविर में स्थानीय युवाओं को नजरअंदाज कर दूसरे प्रखंड के लोगों को प्राथमिकता दिए जाने का आरोप लगा है, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
*दूसरे प्रखंड के युवाओं को लाभ मिलने पर फूटा गुस्सा*
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिविर में गांडेय प्रखंड के स्थानीय युवाओं के आवेदन लेने के दौरान विभिन्न नियमों और तकनीकी अड़चनों का हवाला देकर उन्हें वापस लौटा दिया गया, जबकि अन्य प्रखंडों से पहुंचे युवकों के लाइसेंस आसानी से बनाए गए। इस दोहरी नीति से नाराज स्थानीय युवाओं ने शिविर में मौजूद टीम के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
*पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की पहल पर शांत हुआ मामला*
हंगामे और भारी हो-हल्ले की सूचना मिलते ही गांडेय थाना की पुलिस बल, प्रखंड प्रमुख राजकुमार पाठक और प्रखंड विकास पदाधिकारी निसात अंजुम तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और अन्य प्रखंडों के युवक शिविर का लाभ उठाकर अपने कागजात पूरे करा चुके थे, जबकि गांडेय के स्थानीय युवाओं को केवल आश्वासन ही मिला।
मामले को लेकर गांडेय प्रखंड प्रमुख ने गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने इस पूरी व्यवस्था को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जिस प्रखंड में शिविर का आयोजन किया गया था, वहीं के स्थानीय युवाओं को मायूसी हाथ लगी और वे शिविर का लाभ पाने से वंचित रह गए। उन्होंने मांग की है कि भविष्य में ऐसे शिविरों में स्थानीय नागरिकों और युवाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए ताकि इस तरह की अव्यवस्था दोबारा न फैले।