सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहियाओं ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि मादक पदार्थों का बढ़ता दुरुपयोग युवाओं और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। नशामुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रशासन के साथ आमजन भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। वहीं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने बताया कि जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, गांवों और शैक्षणिक संस्थानों में जाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी, सहियाएं और आंगनबाड़ी सेविकाएं मौजूद रहीं।