दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
जामताड़ा के गांधी मैदान के समीप सोमवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेन्द्र मंडल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।अपने संबोधन में वीरेन्द्र मंडल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई 1901 को कोलकाता में हुआ था। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का प्रसिद्ध नारा एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे देश की एकता और अखंडता के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि इस संकल्प को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में धरातल पर उतारा गया। वही वीरेन्द्र मंडल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और अखंड भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष गौउर बाउरी, पूर्व वार्ड पार्षद नीलेश कुमार, पूर्व भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष रंजीत राणा, मुकेश यादव, गुंजन दुबे, नागेश्वर मंडल, भुवन महतो, पिंटू सरखेल, मनोज राणा, मनोज रजक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।