राजु मंडल/ रफ्तार मीडिया सवाददाता/ गांडेय
गांडेय प्रखंड के बदगुन्दा पंचायत अंतर्गत गगनपुर गांव में सरकारी कार्य की आड़ में ग्रामीणों से की जा रही अवैध वसूली के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। रफ्तार मीडिया द्वारा इस भ्रष्टाचार के मुद्दे को प्रमुखता से दिखये जाने के बाद हरकत में आए स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर मामले की विस्तृत से जांच की है।
गगनपुर गांव की सेविका सह बीएलओ शबनम निशा और उनके पति मौलाना इस्माइल अंसारी पर आरोप है कि वे सरकारी एसआईआर फॉर्म भरने के नाम पर ग्रामीणों से 70 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की अवैध वसूली कर रहे थे। परेशान ग्रामीणों ने इस मनमानी का विरोध करते हुए ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट और पुख्ता सबूत रफ्तार मीडिया को उपलब्ध कराए थे, जिसके बाद यह मामला सार्वजनिक हुआ।
*जांच के दौरान हुआ हंगामा*
खबर प्रसारित होते ही शुक्रवार को गांडेय के अंचलाधिकारी ओम प्रकाश बड़ाइक और प्रखंड विकास पदाधिकारी निसात अंजुम ने संयुक्त रूप से गगनपुर गांव का दौरा किया। जांच के दौरान जैसे ही अधिकारियों ने ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की, स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामला बढ़ता देख तुरंत ताराटाड़ पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हस्तक्षेप कर हंगामे को शांत कराया।
*दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: सीओ*
अंचलाधिकारी ओम प्रकाश बड़ाइक ने बताया कि जांच पूरी कर ली गई है और ग्रामीणों से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आए हैं, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुकूल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल कार्यरत बीएलओ सबनम निशा को कार्य पर रोक लगा दी गयी है, आगे की करवाई को लेकर जुट गयी है।
*ग्रामीणों ने जताई राहत*
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मीडिया ने इस भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज नहीं उठाई होती, तो यह सिलसिला बदस्तूर जारी रहता। अब ग्रामीणों को प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उम्मीद है।