सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

रांची:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामकृष्ण मिशन आश्रम, इंडियन योग एसोसिएशन (झारखंड) एवं मदर्स इंटरनेशनल स्कूल द्वारा संयुक्त रूप से रांची जिले के सुदूरवर्ती ग्राम अनगड़ा के बंधुवाडीह में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 310 प्रतिभागियों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। योग सत्र का संचालन योग प्रशिक्षिका सुश्री रूपा कुमारी ने किया।

*"योगा फॉर हेल्थी एजिंग" थीम पर कार्यक्रम का आयोजन*
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। इस वर्ष विश्व योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्थी एजिंग”  रही, जिसके तहत लोगों को नियमित योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुरसू पंचायत की मुखिया सुमित्रा देवी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि व्यक्ति प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट भी योग का अभ्यास करे तो वह कई बीमारियों से बच सकता है और स्वस्थ जीवन जी सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

*योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया*
इंडियन योग एसोसिएशन, झारखंड के सदस्य रवि प्रकाश ने योग की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाने की एक समग्र पद्धति है।रामकृष्ण मिशन आश्रम की ओर से पहुंचे गौतम पाण्डेय ने योग के साथ ही साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण, दोनों एक बेहतर समाज की आधारशिला हैं।

*“योग युक्त झारखंड, रोग मुक्त झारखंड” का अभियान को बढ़ाए आगे- स्वामी भावेशान्द*
कार्यक्रम के दौरान रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी भवेशानंद  ने अपने संबोधन में “योग युक्त झारखंड, रोग मुक्त झारखंड” अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन के प्रत्येक कार्य को भगवान के नाम का स्मरण करते हुए करना चाहिए, इससे मन में शांति और सकारात्मकता बनी रहती है।आयोजकों के अनुसार, बंधुवाडीह केंद्र के अलावा रामकृष्ण मिशन के निर्देशन में रांची के 23 विभिन्न केंद्रों में भी योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां कुल 1,094 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास में भाग लिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान बालेश्वर बेदिया, वार्ड सदस्य सुखदेव बेदिया, योग गुरु प्रीतम बनिक, सचिव मोहन बेदिया, GAP एवं ASSK के शिक्षकों सहित स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।