रफ़्तार मिडिया संवाददाता
बुंडू के राहे थाना क्षेत्र के ग्राम पारमडीह ढुंगरीटोला में 4 अगस्त को हुई अज्ञात युवक की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर उदभेदन कर दिया है। मामले में शामिल मुख्य अभियुक्त समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार सुनसान स्थान पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में राहे थाना कांड सं0-18/26, धारा-103(1)/238/3(5) बीएनएस दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रांची के निर्देश पर एसपी ग्रामीण के मार्गदर्शन में एसडीपीओ बुंडू ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पहचान कंचन महतो, पिता सदानंद महतो, साकिन गोढा, थाना सिल्ली के रूप में की। जांच में पता चला कि पैसों की तंगी के कारण आरोपी लूट की योजना बना रहे थे। नशे की हालत में मृतक द्वारा गाली-गलौज करने पर गुस्से में आकर रमन दास उर्फ रामदूत और उसके साथियों ने फरसे से हमला कर हत्या कर दी।
गिरफ्तार आरोपियों में रमन दास उर्फ रामदूत 19 वर्ष, पिता वासुदेव दास, साकिन गोमदा, फागु तेली 20 वर्ष, पिता विभीषण तेली, साकिन राहे और षष्टी कुमार दास 19 वर्ष, पिता दुलाल दास, साकिन राहे शामिल हैं। इनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फरसा, हीरो स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया गया है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी राहे अभिषेक कुमार, सोनाहातु थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप, दशमफॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।