शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।

शिकारीपाड़ा प्रखंड के सरसाजोल  हाई स्कूल में  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में एक भव्य एवं प्रेरणादायक योग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अत्यंत उत्साह और ऊर्जा के साथ विभिन्न योगाभ्यासों में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने मानव जीवन में योग के महत्व तथा एक स्वस्थ एवं संतुलित जीवन शैली में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस योग प्रशिक्षण कार्यक्रम को सुचारू और सफलतापूर्वक संचालित करने में विद्यालय के योग प्रशिक्षक विश्वनाथ पाल ने मुख्य भूमिका निभाई। उनके इस सराहनीय योगदान के लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार मंडल द्वारा उन्हें एक विशेष प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक असीम कुमार मंडल एवं शिक्षक मुकेश कुमार पाल ने विश्वनाथ पाल के समर्पण की भूरि-भूरि सराहना की और उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी तरह विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक और प्रेरित करते रहेंगे। इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा योग को उनकी दैनिक जीवन शैली का एक अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था।