पताही, पूर्वी चंपारण/संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी

सहयोग शिविर के पांचवें चरण के अंतर्गत पताही प्रखंड की बोकाने कला एवं परसौनी कपूर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण पकड़ीदयाल अनुमंडल पदाधिकारी मंगला कुमारी ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपस्थित ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सहयोग शिविर के उद्देश्य की विस्तृत जानकारी दी।

अनुमंडल पदाधिकारी मंगला कुमारी ने कहा कि प्रशासन स्वयं जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहा है। ऐसे में आम लोगों का भी दायित्व है कि वे आगे आकर अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि सहयोग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा सहयोग शिविर से पूर्व लगाए गए कैंपों में भी आवेदन लिए जा रहे हैं, जिनका निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने शिविर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सरकार की मंशा के अनुरूप आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

बोकाने कला पंचायत में मुखिया के नेतृत्व में शिविर में आए ग्रामीणों का स्वागत किया गया तथा शिविर के सफल संचालन में जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।