दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।


जामताड़ा झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जिले के विकास एवं जनहित से जुड़ी 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में झामुमो जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य लालू अंसारी, जिला उपाध्यक्ष इम्तियाज अंसारी, जिला कोषाध्यक्ष सह युवा नेता प्रदीप मंडल, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष सगीर खान एवं युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सुधांशु शेखर शामिल थे। वही प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष जिले की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को प्रमुखता से रखा।प्रतिनिधिमंडल के अनुसार मुख्यमंत्री के साथ वार्ता सकारात्मक रही और उन्होंने मांगों पर आवश्यक पहल का भरोसा दिया। ज्ञापन में गांगुडीह में पर्यटन स्थल विकसित करने, कटनकी में पॉलिटेक्निक कॉलेज शुरू करने, जामताड़ा कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू कराने, नारायणपुर के बांकुडीह उच्च विद्यालय को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में बदलने तथा पबिया में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की मांग की गई। इसके अलावा सदर अस्पताल में आईसीयू का संचालन जल्द शुरू करने, विशेषज्ञ चिकित्सक, प्रशिक्षित नर्सिंग एवं तकनीकी कर्मियों की नियुक्ति तथा मिहिजाम-कानगोई में रेल ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण की मांग रखी गई। पंचायतों में जर्जर बिजली पोल-तार बदलने, केन्द्रवाटांड़ स्टेट हाईवे से बांकुडीह, गांगुडीह व मोहनपुर तक सड़क को पथ प्रमंडल में स्थानांतरित करने और मिहिजाम में आईटीआई स्थापित करने की मांग भी शामिल है। प्रतिनिधिमंडल ने सभी मांगों पर शीघ्र पहल का आग्रह किया।