पलामू: झारखंड के पलामू जिले में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं (Social Security Schemes) के वार्षिक भौतिक सत्यापन (Physical Verification) के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। जिला प्रशासन की जांच में कुल 15,064 लाभुक (Beneficiaries) विभिन्न पेंशन और सम्मान योजनाओं के लिए अपात्र पाए गए हैं।
जांच में सामने आया कि अपात्र लाभुकों में मृत, पात्रता पूरी नहीं करने वाले और अन्य कारणों से अयोग्य लोग शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (Maiyan Samman Yojana) के 2,255, मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना (Sarvajan Pension Yojana) के 6,244 और केंद्रीय पेंशन योजनाओं (Central Pension Schemes) के 6,565 लाभुक अयोग्य पाए गए।
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग (District Social Security Cell) ने स्पष्ट किया है कि सभी अपात्र लाभुकों का पेंशन भुगतान नियमानुसार बंद किया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक और पात्र लोगों तक पहुंच सके।
हर वर्ष होने वाले भौतिक सत्यापन (Physical Verification) के तहत अंचलकर्मी घर-घर जाकर लाभुकों की पात्रता की जांच करते हैं। इसका उद्देश्य मृत, अपात्र या पात्रता की शर्तें पूरी नहीं करने वाले लाभुकों की पहचान कर सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखना है।
जिले में वर्तमान में लाखों लोग विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि सत्यापन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि सरकारी सहायता सही जरूरतमंदों तक पहुंचे।