फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामयी और देशभक्ति के रंग में आयोजित करने की तैयारियों के तहत गुरुवार को सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा मुख्य अतिथि होंगे। वे 15 अगस्त को प्रातः ठीक 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान डीसी उत्तम सिंह ने समारोह की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित समारोह से जुड़े विभिन्न प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह देश के प्रति सम्मान, गौरव और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति का अवसर है, इसलिए समारोह की प्रत्येक प्रस्तुति और व्यवस्था में अनुशासन, गरिमा एवं उत्कृष्टता दिखाई देनी चाहिए। इस बार समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा देश की सांस्कृतिक विविधता में एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को दर्शाती आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। विद्यार्थी मौसम की परवाह किए बिना अपनी प्रस्तुतियों को बेहतर बनाने के लिए लगातार अभ्यास कर रहे हैं। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रस्तुति समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगी, जो पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर करेगी।

समारोह में सात टुकड़ियां परेड में हिस्सा लेंगी

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रणवानन्दा इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-92 के विद्यार्थी ‘वंदे मातरम्’ पर विशेष प्रस्तुति देंगे। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अर्जुन नगर के विद्यार्थी कृष्ण लीला, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जैकबपुरा की छात्राएं पंजाबी नृत्य तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-4/7 के विद्यार्थी राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत करेंगे। इसी क्रम में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुशांत लोक सेक्टर-43 के छात्र-छात्राएं हरियाणवी नृत्य तथा ब्लू बेल्स स्कूल, सेक्टर-4 के विद्यार्थी नारी सशक्तिकरण पर आधारित विशेष प्रस्तुति देंगे। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा लेजर एवं डंबल शो भी प्रस्तुत किया जाएगा। समारोह में सात टुकड़ियां भव्य परेड में हिस्सा लेंगी। परेड का नेतृत्व एसीपी अभिलक्ष जोशी करेंगे। परेड में गुरुग्राम पुलिस, गुरुग्राम महिला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर बॉयज डीएसडी कॉलेज तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जैकबपुरा के स्टूडेंट पुलिस कैडेट की टुकड़ियां शामिल होंगी।

मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा होंगे

मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ताऊ देवी लाल स्टेडियम पहुंचने से पहले स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद हॉल परिसर स्थित युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले तथा आजादी के बाद देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त करने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर बलिदानियों के परिजनों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह का समापन राजकीय कन्या महाविद्यालय, सेक्टर-14 की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगान के साथ होगा। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान डीसीपी ईस्ट संदीप कुमार,  डीसीपी हेडक्वार्टर डॉ. अंशु सिंगला, सीटीएम ज्योति नागपाल, डीपीआरओ बिजेंद्र कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुनीता रांगी, एईओ जगदीश अहलावत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।