मांडर। मांडर थाना क्षेत्र के महुवाजाड़ी पंचायत के बोंडो गांव में सोमवार रात्रि करीब 12 बजे बमबाजी की घटना से पूरे इलाका दहल उठा। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में एक युवक और युवती ने गांव निवासी कुलदीप खलखो के घर पर चार हैंडमेड सुतली बम फेंक दिए। इनमें से एक बम फट गया, जबकि तीन बम नहीं फटे। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

कुलदीप ने बताया कि रात 12 बजे धमाके की आवाज आई। ट्रांसफार्मर ब्लास्ट समझकर वह बाहर नहीं गए। मंगलवार सुबह पिता एतवा उरांव ने टूटी एस्बेस्टस शीट, छत पर तीन जिंदा बम और बाहर फटे बम के टुकड़े देखे। इसके बाद मांडर थाना को सूचना दी गई।  सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीनों जिंदा बमों को सुरक्षित निष्क्रिय कर दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल युवक और युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और बम लाने तथा बनाने के संबंध में पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है तथा पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।