अयोध्या। मिल्कीपुर विधानसभा के निवर्तमान विधायक बाबा गोरखनाथ का 42वां जन्मदिन सिविल लाइन क्षेत्र स्थित बढ़ाई का पुरवा में आनंद फाउंडेशन बगिया में बड़े ही उत्साह और भव्यता से कई किलो का केक काटकर मनाया गया। जन्मदिन समारोह में सुबह से ही समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों का तांता लगा रहा। लोगों ने केक काटकर, माल्यार्पण कर और पुष्पगुच्छ,गिफ्ट,मिष्ठान भेंट कर बाबा गोरखनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। जन्मदिन समारोह के दौरान पूरा परिसर समर्थकों के जोश और नारों से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने बाबा गोरखनाथ के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बाबा गोरखनाथ ने सभी समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान और स्नेह उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि मिल्कीपुर विधानसभा और अयोध्या की जनता का प्यार है। उन्होंने कहा कि जनता ने हमेशा उन्हें अपना आशीर्वाद दिया है। और वे इस विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे। उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव का संकेत देते हुए कहा कि वह पूरी ताकत और दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने दावा किया कि मिल्कीपुर क्षेत्र के कई विकास कार्य अभी अधूरे हैं, जिन्हें पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। बाबा गोरखनाथ ने कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने का प्रयास किया है और आगे भी लोगों के अधिकारों तथा न्याय की लड़ाई मजबूती से लड़ते रहेंगे। जन्मदिन समारोह राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी ने बाबा गोरखनाथ की क्षेत्र में मजबूत पकड़ का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने 2027 में फिर से उन्हें विधानसभा भेजने का संकल्प भी दोहराया। जन्मदिन समारोह के बहाने शक्ति प्रदर्शन, 2027 के चुनावी संकेत और समर्थकों के उत्साह ने मिल्कीपुर की राजनीतिक फिजा में नई चर्चा छेड़ दी है। इस मौके पर चंद्रभान यादव, विनोद सिंह, राणा अजय सिंह, पवन तिवारी एडवोकेट, विनय सिंह राणा, सुनील प्रियदर्शी, शफीक, संजय सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, हितेश, अजीत मौर्य, जिला अध्यक्ष सुशील मिश्रा, राधेश्याम त्यागी, चंद्रबली सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।