सरायकेला: आदित्यपुर स्थित दिन्दली बस्ती के शिव मंदिर प्रांगण में मंगलवार को मां विपत्तारिणी पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। पूजा के अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में मां विपत्तारिणी के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा।यह पूजा पिछले 27 वर्षों से खगेन दास, कपिल दास एवं उनके परिवार के तत्वावधान में लगातार आयोजित की जा रही है। परिवार की सदस्य सागरिका दास ने बताया कि वर्ष 2002 से उनके पिता खगेन दास, माता मिथिला दास और पूरे परिवार ने इस धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया था, जो आज एक विशाल धार्मिक आयोजन का स्वरूप ले चुका है।पूजा के दौरान मां विपत्तारिणी को विधि-विधान के साथ 13 प्रकार के फल एवं पुष्प अर्पित कर महाभोग लगाया गया। पंडित उज्ज्वल कुमार रथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना एवं पुष्पांजलि संपन्न कराई। उन्होंने मां से सभी श्रद्धालुओं के जीवन की विघ्न-बाधाओं को दूर करने, परिवारों में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।पूजा के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दिन्दली बस्ती के लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर पार्षद राजरानी महतो, मिथिला दास, सागरिका दास सहित कई गणमान्य नागरिक एवं बस्तीवासी मौजूद रहे।