logo

सुशासन दिवस पर हरियाणा भर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, मंत्रियों ने सुशासन के संकल्प को  दोहराया

चंडीगढ़ ;  भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी एवं महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती के अवसर पर हरियाणा प्रदेश में सुशासन दिवस गरिमामयी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और सुशासन के मूल्यों पर प्रकाश डाला।

सुशासन केवल व्यवस्था नहीं, जनता के प्रति संकल्प है : डॉ. अरविंद कुमार शर्मा

झज्जर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि सुशासन केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता के प्रति उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता और पारदर्शिता का जीवंत संकल्प है। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह दिन भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती के रूप में सुशासन दिवस के तौर पर मनाया जाता है। डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

 सही आचरण और इच्छाशक्ति ही सुशासन का मूल मंत्र: महीपाल ढांडा

पानीपत में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि सही आचरण और इच्छा शक्ति से किया गया कार्य ही सुशासन का मूल मंत्र है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अंत्योदय की भावना के साथ जनता की सेवा करें और पीड़ित व्यक्ति की बात को संवेदनशीलता से सुनकर उसका समाधान करें। उन्होंने कहा कि सुशासन तभी संभव है जब प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी, संयम और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करे।

 पारदर्शी और उत्तरदायी शासन ही सुशासन : गौरव गौतम

पलवल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सुशासन का अर्थ एक ऐसी शासन प्रणाली से है, जो पारदर्शी, उत्तरदायी और जनकल्याणकारी हो। उन्होंने कहा कि सुशासन गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और समाज के हर वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने का माध्यम है तथा सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहभागिता सुनिश्चित करता है।

 अटल जी की दूरदर्शिता पर टिका है विकसित भारत का सपना: राव नरबीर सिंह

गुरुग्राम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शिता पर ही विकसित भारत का सपना टिका हुआ है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने न केवल देश की राजनीतिक व्यवस्था को नई दिशा दी, बल्कि सामाजिक उत्थान के लिए भी आजीवन कार्य किया। बहुदलीय सरकार का सफल संचालन, परमाणु परीक्षण और आत्मनिर्भर भारत की सोच उनकी दूरदर्शिता का प्रमाण है, जिसकी नींव पर आज देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।

 समयबद्ध और डिजिटल सेवाएं ही सुशासन की पहचान: राजेश नागर

नूंह में आयोजित सुशासन दिवस कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सुशासन का मूल आधार जनता को समयबद्ध, पारदर्शी और पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के माध्यम से प्रशासनिक सेवाओं को सरल और सुगम बनाया गया है। परिवार पहचान पत्र, सीएम विंडो और ऑनलाइन सेवाओं ने शासन को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS