मोतिहारी। अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में मोतिहारी पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने जिले के विभिन्न थानों, ओपी तथा डायल-112 इकाइयों में लंबे समय से पदस्थापित 88 पुलिस पदाधिकारियों का सामूहिक तबादला कर दिया है। इस प्रशासनिक कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
जारी आदेश के अनुसार स्थानांतरित पदाधिकारियों में पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) एवं सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) शामिल हैं। बताया गया है कि इनमें अधिकांश अधिकारी दो वर्षों से अधिक समय से एक ही स्थान पर कार्यरत थे। पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक गतिशील और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि जिले में बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। लंबे समय तक एक ही स्थान पर पदस्थापन से कार्यशैली में एकरूपता आ जाती है तथा निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्य निष्पादन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में समय-समय पर पदाधिकारियों का स्थानांतरण आवश्यक है।
एसपी ने बताया कि तबादले का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण को मजबूत करना, थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना, विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ करना तथा पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता में वृद्धि करना है। उन्होंने सभी संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि स्थानांतरित पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से विरमित कर उनके नए पदस्थापन स्थल पर योगदान सुनिश्चित कराया जाए।
पुलिस विभाग के जानकारों का मानना है कि इस फैसले से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार होगा। लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनाती के कारण स्थानीय प्रभाव और व्यक्तिगत संबंधों के विकसित होने की संभावना रहती है, जिससे निष्पक्ष कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है। ऐसे में व्यापक स्तर पर किया गया यह तबादला प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के इस कदम की विभिन्न वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है। लोगों का मानना है कि इससे पुलिस प्रशासन की जवाबदेही बढ़ेगी तथा अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर आम जनता का भरोसा और मजबूत होगा। :::