हजारीबाग: एनएमएल चट्टी बरियातु कोयला खनन परियोजना ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत बिरहोर टोला में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पोषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। परियोजना प्रमुख धनंजय श्रीखंडे के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में स्थानीय ग्रामीणों, परियोजना अधिकारियों और विनोबा भावे विश्वविद्यालय के मानवशास्त्र विभाग एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अभियान के दौरान पूरे गांव में साफ-सफाई की गई और लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। प्रो. गंगानाथ झा के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने ग्रामीणों के बीच साबुन और अन्य स्वच्छता सामग्री का वितरण कर स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई का संदेश दिया।

इसके साथ ही एनएमएल चट्टी बरियातु परियोजना ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत जरूरतमंद लाभार्थियों के बीच मासिक पोषण किट भी वितरित किए। इसका उद्देश्य परियोजना प्रभावित परिवारों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाना है।

इस अवसर पर एजीएम (एलएआरआर एवं सीएसआर) नीलमाधब स्वैन, एजीएम (एचआर) विजय किशोर, एजीएम (सीएंडएम) प्रशांत गुप्ता, एजीएम (पीएंडएस) यतीश कुमार सहित परियोजना के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और समावेशी विकास के प्रति परियोजना की प्रतिबद्धता दोहराई।

परियोजना प्रबंधन ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल खनन कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय समुदायों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और सामाजिक विकास को भी समान प्राथमिकता देना है। इस अभियान ने यह संदेश दिया कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही स्थायी सामाजिक परिवर्तन संभव है।