दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो

फर्रुखाबाद। भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू के हालिया फर्रुखाबाद प्रवास के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में धार्मिक ग्रंथ पर नाश्ते की प्लेट रखे जाने के कथित वीडियो और फोटो को लेकर उपजा विवाद सार्वजनिक माफी के बाद फिलहाल शांत हो गया है। कार्यक्रम में भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, भाजपा नेता सचिन यादव सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।

कथित वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिन्दू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा, हिन्दू समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं अधिवक्ता अंकित तिवारी सहित कई हिन्दू संगठनों ने विरोध दर्ज कराते हुए भाजपा नेताओं से सार्वजनिक माफी की मांग की थी। अंकित तिवारी ने 22 जुलाई तक माफी नहीं मिलने पर 23 जुलाई को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष का पुतला दहन करने की चेतावनी दी थी।

इस पूरे घटनाक्रम को ' रफ्तार मीडिया ने प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद मामला लगातार चर्चा में बना रहा।

बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यदि कार्यक्रम के दौरान हुई किसी अनजानी घटना से सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वे इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं और समस्त सनातन समाज से क्षमा प्रार्थी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव सनातन संस्कृति, धार्मिक ग्रंथों और आस्थाओं का सम्मान करती है तथा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना पार्टी का उद्देश्य नहीं है।

भाजपा जिलाध्यक्ष के माफी मांगने के बाद हिन्दू समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अंकित तिवारी ने प्रस्तावित 23 जुलाई के पुतला दहन कार्यक्रम को निरस्त करने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगना स्वागतयोग्य कदम है। कई हिन्दू संगठनों एवं सनातन धर्मावलंबियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए भविष्य में धार्मिक आस्थाओं के सम्मान का विशेष ध्यान रखने की अपेक्षा व्यक्त की।