खूंटी / गौतम लोहरा

खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार देर रात करीब 3 बजे स्कॉर्पियो से पहुंचे चार अज्ञात चोरों ने सिंदरी वाइन शॉप का शटर तोड़कर 36 पेटी विदेशी शराब और 3200 रुपये नकद चुरा लिए। चोरी गए शराब की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।चोर बेहद आराम से वारदात को अंजाम देते रहे। स्कॉर्पियो को खूंटी-तमाड़ मुख्य पथ पर खड़ी कर लाइट से सिग्नल देते हुए चोर एक-एक कर शराब की पेटियां गाड़ी में लोड करते रहे। पूरी वारदात करीब 25 मिनट तक चलती रही। इसके बाद चोर स्कॉर्पियो से फरार हो गए।सुबह जब दुकान का स्टाफ पहुंचा तो शटर का लॉक टूटा मिला। अंदर 36 पेटी शराब गायब थी। लॉकर के बाहर रखे 3200 रुपये भी चोर ले गए। चोरों ने लॉकर तोड़ने की भी कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। बताया गया कि लॉकर में बिक्री के लगभग 60 हजार रुपये रखे थे जो बच गए।सूचना मिलते ही अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि पूरी वारदात दुकान के बगल स्थित मेडिकल स्टोर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज खंगाल रही है।इस बड़ी चोरी से आसपास के दुकानदारों में दहशत है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो और आरोपियों की तलाश जारी है।