पश्चिम चंपारण / मोहम्मद इम्तियाज:। नगर थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में छेड़खानी का विरोध करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। विरोध से नाराज दबंगों ने 45 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान हुई मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को पहले अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने एक घायल को गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
इस संबंध में बगहा थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा आवेदन दिया गया है, जिसमें दर्जनभर लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।