सरायकेला: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को सीनी ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने की। इसमें विभिन्न पंचायतों के मुखिया, ग्राम प्रधान, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।बैठक के दौरान मुहर्रम के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने तथा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। ओपी प्रभारी विनय कुमार ने उपस्थित लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम आस्था, अनुशासन और त्याग का प्रतीक पर्व है। इसे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए।उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और आम जनता की साझा जिम्मेदारी है।बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने का संकल्प लिया। इस दौरान पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्गों और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।