सरायकेला:सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के पठानमारा पंचायत अंतर्गत छोटा थोलको से कोपी जाने वाला मुख्य मार्ग का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के कार्यकाल में किया गया था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। निर्माण नहीं होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्हें रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। सबसे अधिक परेशानी मरीजों, स्कूली बच्चों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को होती है।बरसात के मौसम में सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार राहगीर दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं और हर दिन हादसे की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों ने प्रशासन एवं सरकार से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता है, इसलिए इसका निर्माण क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधा के लिए अत्यंत आवश्यक है।इस संबंध में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के कार्यकाल में सड़क का शिलान्यास होने के बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की उदासीनता के कारण यह महत्वपूर्ण परियोजना अधर में लटकी हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में हो रही देरी सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है और इससे ग्रामीणों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया तो वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष आंदोलन करने को विवश होंगे।