रंजीव मेहता/जम्मू/श्रीनगर
वार्षिक पवित्र अमरनाथ यात्रा के सुचारु और सुरक्षित संचालन को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने इस वर्ष व्यापक सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था लागू की है। 3 जुलाई से शुरू होने वाली यात्रा के मद्देनज़र लखनपुर प्रवेश द्वार से लेकर पवित्र अमरनाथ गुफा तक पूरे यात्रा मार्ग को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना तथा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियां संवेदनशील स्थानों पर तैनात की गई हैं। यात्रा मार्ग पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।
यात्रा का पहला जत्था 3 जुलाई को प्रातः 4 बजे जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से रवाना होगा। यह जत्था सुरक्षा काफिले के साथ देर शाम पहलगाम आधार शिविर पहुंचेगा। इसके बाद श्रद्धालु अगले दिन चंदनवाड़ी से पैदल यात्रा प्रारंभ कर पवित्र गुफा की ओर बढ़ेंगे। प्रशासन ने यात्रा के दोनों पारंपरिक मार्गों पर सुरक्षा, चिकित्सा, यातायात और आपदा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है।
यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए पूरे मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। प्रमुख स्थानों पर नाके स्थापित किए गए हैं, जबकि वाहनों और यात्रियों की गहन जांच की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त, आधुनिक निगरानी उपकरणों का उपयोग तथा खुफिया एजेंसियों के बीच समन्वय को भी मजबूत किया गया है। सुरक्षा बलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधार शिविरों पर पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, विश्राम स्थल और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की भी व्यापक व्यवस्था की है। चिकित्सा दल, एंबुलेंस, राहत एवं बचाव टीमें तथा नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे। यात्रा मार्ग पर मौसम और यातायात की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जाएगी ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल निर्णय लिया जा सके।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल पंजीकरण के बाद ही यात्रा करें, निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा मौसम संबंधी सलाह और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
यात्रा प्रारंभ होने से पहले विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों का सैनिटाइजेशन भी किया गया है। प्रशासन को विश्वास है कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम रहोगी।