दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 

जामताड़ा शहर के न्यू टाउन स्थित गांधी मैदान से जगन्नाथ रथ यात्रा कमेटी न्यू टाउन के तत्वावधान में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा सह सांस्कृतिक झांकी निकाली गई। इस अवसर पर जामताड़ा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा का विधिवत पूजन कर रथयात्रा में सहभागिता निभाई। सुबह से ही गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। विशेष पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की प्रतिमाओं को सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया। इसके बाद रथयात्रा गांधी मैदान से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों की गूंज, मंत्रोच्चारण, भजन-कीर्तन और जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। भगवान के रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रथ के आगे प्रस्तुत की गई आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। इस धार्मिक आयोजन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी आस्था व्यक्त की। रथयात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जगन्नाथ रथ यात्रा कमेटी की सराहना की गई। मौके पर पप्पू चौधरी, चंद्र मोहन दत्ता, उत्तम मंडल, बम मंडल, तपन मंडल सहित रथ यात्रा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।