सरायकेला: फुटबॉल के गिरते स्तर को लेकर चिंता जताते हुए ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की पहल तेज की जा रही है। इसी क्रम में जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल ने कोलाबीरा में क्षेत्र के फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ बैठक कर उनके खेल से जुड़ी समस्याओं और संभावनाओं पर चर्चा की गई। इसके बाद जीएफए कोलाबीरा और जुरकुली गम्हारिया के बीच दोस्ताना फुटबॉल मैच खेला गया।इस अवसर पर उन्होंने कहा गया कि जिले में अच्छे फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्रों की कमी है। ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन उचित प्रशिक्षण, संसाधन और सरकारी सहयोग के अभाव में उन्हें आगे बढ़ने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। ऐसे में ग्रामीण प्रतिभाओं को चिन्हित कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। शंभू मंडल ने कहा कि फुटबॉल को ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत करने के लिए नियमित प्रतियोगिताओं के साथ-साथ प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र के कई स्थानों पर फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र खोलने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। आने वाले दिनों में इन केंद्रों के माध्यम से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की योजना है।कोलाबीरा में आयोजित दोस्ताना मुकाबले में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि क्षेत्र के खिलाड़ियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और उन्हें खेल के प्रति प्रोत्साहित करना भी रहा।कार्यक्रम में सुनील किस्कू, लालू सोरेन, काली चरण किस्कू, सागर, हबलदार किस्कू, संजय हांसदा, जोगेन तांती और निमाई तंतुबाय सहित क्षेत्र के कई फुटबॉल खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।