सरायकेला: सरायकेला प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कदमड़ीहा में शुक्रवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) का पुनर्गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कालिदास महतो ने की। बैठक में सर्वसम्मति से कपरा मुर्मू को समिति का अध्यक्ष तथा राजाराम महतो को उपाध्यक्ष चुना गया।बैठक में विद्यालय के समग्र विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं के बेहतर संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई। नवगठित समिति के सदस्यों से विद्यालय हित में सक्रिय भूमिका निभाने और शिक्षकों तथा अभिभावकों के साथ समन्वय स्थापित कर शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने का आह्वान किया गया।मौके पर पंचायत के पूर्व उपमुखिया राजाराम महतो, संकुल साधन सेवी राजकुमार प्रधान, ग्राम प्रधान साहेबराम महतो, प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार महतो, शिक्षक खेला मुर्मू, शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी, दुर्गा चरण महतो, बुधेश्वर महतो, प्रमिला महतो सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक का समापन विद्यालय के सर्वांगीण विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक सहयोग एवं सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ।