डॉ विभूति सिंह/भागलपुर।
वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) भागलपुर श्री प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने तिलकामांझी थाना क्षेत्र में हुई आभूषण चोरी की बड़ी घटना का महज 36 घंटों के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी गए भारी मात्रा में चांदी के जेवर, एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
दुकान का ताला तोड़कर उड़ाई थी चांदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 17 अगस्त 2026 को तिलकामांझी थानांतर्गत हटिया रोड स्थित सुरेंद्र कुमार (पिता- स्वर्गीय बेनी प्रसाद वर्मा, निवासी- लालबाग) की ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना हुई थी।पीड़ित दुकानदार के लिखित आवेदन पर तिलकामांझी थाना में कांड संख्या 194/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
CCTV फुटेज और तकनीकी सेल से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-01) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें DIU टीम और तिलकामांझी थाना की पुलिस शामिल थी। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले, जिससे दो संदिग्धों की पहचान हुई। तकनीकी अनुसंधान, डेटाबेस से फोटो मिलान और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को सटीक जानकारी मिली कि आरोपी ईशाकचक थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं।
ईशाकचक और शाहकुण्ड से दबोचे गए अपराधी
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ईशाकचक थाना क्षेत्र से पहले आरोपी मोहम्मद अफसर उर्फ प्याऊ (पिता- मो० गुलाम नबी उर्फ बबुआ, निवासी- छोटी लाईन झोपड़पट्टी, ईशाकचक) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में ईशाकचक थाना में आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला (कांड सं० 181/2026) दर्ज किया गया है।अफ़सर से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी मोहम्मद सलमान (पिता- मो० सहाब, निवासी- जानीपुर, शाहकुण्ड) को उसके शाहकुण्ड स्थित घर से विधिवत गिरफ्तार किया और चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया।
बरामद किए गए सामानों की सूची:
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 16 प्रकार के चांदी के आभूषण और मोती की माला बरामद की है-चांदी की बिछिया: 90 पीस,चांदी का पायल: 19 पीस,चांदी की अंगूठी / लॉकेट:14 पीस, और 12 पीस चांदी का ब्रेसलेट, 12 पीस चांदी की सिकड़ी (चैन),07 पीस मोती की माला, 06 पीस चांदी का ताबीज / हाथ का बाला, 05-05 पीस चांदी की मठिया / मूर्ति / बाजूबंद, 02-02 पीस चांदी का गला हार / मछली / कछुआ / हेयरपिन 01-01 पीस,अवैध हथियार: 01 देसी कट्टा और 02 जिंदा कारतूस।
छापामारी दल में ये थे शामिल:
इस सफल ऑपरेशन में तिलकामांझी थाना प्रभारी अरुण कुमार, ईशाकचक थाना प्रभारी आलोक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मो० फिरोज आलम, ब्रजेश कुमार सिंह, प्रिंस कुमार, पीटीसी गौतम कुमार, सिपाही संतोष पासवान, विक्की कुमार, महिला सिपाही स्वीटी कुमारी, निधी कुमारी सहित DIU टीम भागलपुर और शाहकुण्ड थाने के सशस्त्र बल शामिल थे।