बगहा / मोहम्मद इम्तियाज : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा प्रखंड अंतर्गत चखनी रजवटीया पंचायत के वार्ड संख्या 7 और 11 के बीच ग्रामीणों ने एकजुटता और सामूहिक प्रयास की अनूठी मिसाल पेश करते हुए श्रमदान से करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कर दिया है। वर्षों से उपेक्षित पड़े इस मार्ग के बनने से हजारों ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिली है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले लगभग 30 वर्षों से इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती थी, जब रास्ता कीचड़ और जलजमाव से भर जाता था। लोगों को गांव से बाहर निकलने और बच्चों को विद्यालय पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
इस मार्ग पर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय रजवटीया तक पहुंचने के लिए विद्यार्थियों को खेतों और संकरी पगडंडियों का सहारा लेना पड़ता था। वर्ष 2003 में विद्यालय भवन का निर्माण होने के बावजूद वहां तक जाने के लिए आज तक समुचित सड़क का निर्माण नहीं हो पाया था।
ग्रामीणों ने प्रशासनिक इंतजार छोड़ खुद ही सड़क निर्माण का बीड़ा उठाया। अब तक सड़क पर 200 से अधिक ट्रॉली मिट्टी डाली जा चुकी है। गांव के लोग प्रतिदिन सुबह श्रमदान कर सड़क को आकार देने में जुटे हैं। इसके अलावा कई ग्रामीणों ने आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया है।
इस अभियान में रामाशीष सहनी, बिजल सहनी, बंधु यादव, जमशेद मियां, कोइल मियां, अलामत मियां, रुस्तम, विशुन मल्लाह और युनुस मियां सहित दर्जनों ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई है। पूर्व मुखिया सुनील वर्मा और वर्तमान मुखिया रवि रंजन प्रसाद ने भी ग्रामीणों की इस पहल की सराहना करते हुए सड़क के पक्कीकरण के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से रजवटीया और चखनी के विभिन्न वार्डों के बीच की दूरी करीब एक किलोमीटर कम हो गई है। साथ ही यह मार्ग सीधे चखनी-रजवटीया मुख्य सड़क से जुड़ गया है, जिससे आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान और सुगम हो गया है। यह पहल क्षेत्र में सामुदायिक एकता और जनभागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।