रफ़्तार संवाददाता अभिषेक गुप्ता /मांडर। मांडर प्रखंड के ब्राम्बे स्थित तिग्गा कॉम्प्लेक्स में सोमवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से संगठन सृजन अभियान के तहत लोहरदगा लोकसभा स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस के प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी सिरीवेला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, भूपेश मरावी, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद सुखदेव भगत, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में बूथ से लेकर लोकसभा स्तर तक संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच उतारने तथा संगठन की कार्यशैली में बदलाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने से नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने से होगी।
पदाधिकारियों की कम उपस्थिति पर बंधु तिर्की ने जताई नाराजगी
कार्यक्रम में अपेक्षाकृत कम पदाधिकारियों की उपस्थिति पर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संगठन में दायित्व लेने वाले प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी के प्रति गंभीर और सक्रिय रहना होगा। जो पदाधिकारी जिम्मेदारी लेने के बावजूद संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय नहीं हैं, उनके दायित्व की समीक्षा की जानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन के लिए जवाबदेही, अनुशासन और सक्रियता जरूरी है।
हर तीन महीने में होगी संगठन के कामकाज की समीक्षा : के. राजू
कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र में संगठन और जनता के बीच संबंधों की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि हर तीन महीने में संगठन की बैठक आयोजित कर कार्यों, कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान की समीक्षा होगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत स्तर पर नहीं, बल्कि टीम के रूप में काम करने की अपील की। साथ ही कहा कि संगठन से जुड़ी किसी भी समस्या को वरिष्ठ पदाधिकारियों तक पहुंचाया जाए, ताकि उसका समाधान किया जा सके।
के. राजू ने पंचायत और बूथ स्तर की कमेटियों को पूरे वर्ष सक्रिय रहने, नियमित बैठकें आयोजित करने और स्थानीय समस्याओं को मजबूती से उठाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर से नए नेतृत्व को तैयार करते हुए संगठन को विधानसभा और लोकसभा स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
SIR के मुद्दे पर कांग्रेस करेगी आंदोलन
के. राजू ने SIR के मुद्दे पर कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएगी और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करना लक्ष्य : शिल्पी नेहा तिर्की
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वास्तविक ताकत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास में है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी तथा संगठन को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बैठक में रांची जिला अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा, गुमला जिलाध्यक्ष राजनील तिग्गा, लोहरदगा जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, मांगा उरांव, आबिद अंसारी, सेरोफिना मिंज, जमील मलिक, होसे उरांव, मो. इस्तियाक, डॉ. जुल्फेकार अली, मो. गेयास, रमेश महली, जयंत बारला, मजकूर आलम सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।