सरायकेला: सरायकेला सदर अस्पताल परिसर स्थित जिला संयुक्त औषधालय भवन का निर्माण कार्य 18 वर्ष बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। वर्ष 2007 में भवन निर्माण विभाग द्वारा मैसर्स शिप्रा कंस्ट्रक्शन को 20 लाख 18 हजार 500 की लागत से जिला संयुक्त औषधालय भवन निर्माण का कार्य सौंपा गया था, लेकिन वर्ष 2026 तक भी भवन अधूरा पड़ा है।लंबे समय से अधूरा पड़े इस भवन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि भवन के निर्माण में हो रही अनावश्यक देरी से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं और सरकारी राशि का भी समुचित लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है।इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि सनत आचार्य ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को कई बार संबंधित विभाग के समक्ष उठाया है। उन्होंने बताया कि दिशा (DISHA) समिति की बैठक में भी जिला संयुक्त औषधालय भवन निर्माण का मामला प्रमुखता से रखा गया था, लेकिन इसके बावजूद भवन निर्माण विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई।सनत आचार्य ने कहा कि ताजमहल के बनने में 22 वर्ष लगा था लगता है कि यह भवन उसका भी रिकॉर्ड तोड़ देगा। उन्होंने कहा कि 18 वर्षों तक एक छोटे से भवन का निर्माण पूरा नहीं होना भवन निर्माण विभाग की कार्यशैली और उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कर भवन को जनता के उपयोग के लिए उपलब्ध कराए।