फेनहारा। फेनहारा प्रखंड में लंबे समय से चली आ रही डिग्री कॉलेज की मांग बुधवार को पूरी हो गई। राजकीय डिग्री कॉलेज, फेनहारा का शुभारंभ समारोहपूर्वक प्लस-टू विद्यालय, विशुनपुर बसंत स्थित अस्थायी भवन में किया गया। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। हालांकि तकनीकी संसाधनों के अभाव में मुख्यमंत्री के संबोधन का वर्चुअल वेबकास्ट कार्यक्रम स्थल पर प्रसारित नहीं हो सका।
समारोह को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक राणा रणधीर सिंह ने फेनहारा में डिग्री कॉलेज की स्थापना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षण संस्थान की स्थापना से शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आएगा। विशेष रूप से साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं को इसका सबसे अधिक लाभ मिलेगा। अब छात्राएं अपने घर से साइकिल के माध्यम से भी महाविद्यालय पहुंचकर स्नातक तक की पढ़ाई पूरी कर सकेंगी।
अनुमंडल पदाधिकारी मंगला कुमारी ने कहा कि डिग्री कॉलेज के विकास और बेहतर संचालन के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर महाविद्यालय की स्थापना से उच्च शिक्षा अब आम परिवारों की पहुंच में होगी और क्षेत्र के युवाओं को अपने घर के निकट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
बी.एस. कॉलेज के प्राचार्य बागेश्वरी नंदन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना पूरे क्षेत्र के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे विशेष रूप से महिला शिक्षा को नया प्रोत्साहन मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा का विस्तार होगा।
नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रो. विंदा राम ने कहा कि महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं समाज के सभी वर्गों से महाविद्यालय के विकास में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम को जिला परिषद सदस्य आकाश गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रय मोना राय, अंचलाधिकारी डेजी सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी ने महाविद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए राज्य सरकार की पहल की सराहना की।
समारोह में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कपिल देव राम, मुखिया प्रतिनिधि राजीव कुमार सिंह, थानाध्यक्ष रजनीश कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षक, शिक्षाकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में महाविद्यालय का अपना स्थायी भवन, आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं और अन्य आधारभूत संसाधन विकसित किए जाएंगे। स्थानीय लोगों का मानना है कि फेनहारा में डिग्री कॉलेज की शुरुआत से न केवल उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।