दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
सृजन पब्लिक स्कूल, पालबागान में विद्यार्थियों के लिए रेनी डे का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को वर्षा ऋतु के महत्व से जोड़ना, प्रकृति के प्रति प्रेम जगाना और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इस दिन प्री-प्राइमरी और प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएं रंग-बिरंगे रेनकोट और आकर्षक छातों के साथ विद्यालय पहुंचे। वर्षा थीम पर की गई सजावट से पूरा परिसर जीवंत हो उठा। बच्चों ने वर्षा पर आधारित कविताएं, सुंदर नृत्य और रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया। सबसे आकर्षक रहा पेपर बोट तैराने का कार्यक्रम, जिसमें बच्चों ने पानी में कागज़ की नाव चलाकर जमकर मस्ती की। शिक्षकों ने इस अवसर पर बच्चों को बरसात में स्वच्छता, जलजनित बीमारियों से बचाव और जल संरक्षण के सरल उपाय बताए। विद्यालय की अध्यक्षा श्रीमती सविता तिवारी ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के बौद्धिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास में सहायक हैं। विद्यालय का उद्देश्य केवल पढ़ाई नहीं, बल्कि बच्चों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। बच्चों की मुस्कान और उत्साह ने पूरे परिसर को आनंदमय कर दिया।