आशीष कुमार मुखर्जी/ रफ्तार मीडिया
कुजू/रामगढ़। समुदाय की सहभागिता और विद्यालय के विकास में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को कुजू स्थित आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय एवं पब्लिक उच्च विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया गया। इस दौरान पूर्व समिति को भंग कर नियमानुसार नई समिति का सर्वसम्मति से चयन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न राज्यों के व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सर्वप्रथम आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कुजू पश्चिमी मुखिया जय कुमार ओझा ने की, जबकि संचालन शिक्षक लाल मोहम्मद ने किया। पर्यवेक्षक के रूप में सीआरपी गणेश कुमार की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। समिति में नौ महिला एवं छह पुरुष अभिभावकों को सदस्य चुना गया। सर्वसम्मति से पूनम देवी को पुनः अध्यक्ष, उमेश मिस्त्री को उपाध्यक्ष तथा विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मिंटू कुमारी को पदेन सचिव बनाया गया।
इस अवसर पर मुखिया जय कुमार ओझा ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर नियमित निगरानी रखने और विद्यालय से लौटने के बाद उनसे पढ़ाई के संबंध में चर्चा करने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय का बेहतर वातावरण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है और इसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में शिक्षक सोहराय रविदास, यास्मीन एक्का, हीरा देवी, रिंटू कुमार बनर्जी, समाजसेवी आशीष कुमार मुखर्जी, कलीम खान, आंगनबाड़ी सेविका फरजाना मेहंदी, बसंत प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक उपस्थित थे।
इधर, पब्लिक उच्च विद्यालय, कुजू में भी पूर्व प्रबंधन समिति को भंग कर नई समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से संतोष ठाकुर को अध्यक्ष, किरण देवी को उपाध्यक्ष तथा प्रधानाध्यापिका गीतांजलि कुमारी को पदेन सचिव चुना गया। चुनाव प्रक्रिया सीआरपी पवन कुमार सिंह की देखरेख में संपन्न हुई। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मनीषा धवन ने किया। इस अवसर पर मुखिया जय कुमार ओझा, पंचायत समिति सदस्य संतोष कुमार मेहता, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।