सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची:देवों के देव महादेव को समर्पित पवित्र महीना श्रावण का शुभारंभ आज हो रहा है इसके साथ ही राजधानी रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भक्तों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। श्रावण को देखते हुए रांची नगर निगम ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रांची नगर निगम की महापौर रौशनी खलखो एवं उप महापौर नीरज कुमार ने पहाड़ी मंदिर पहुंचकर भोलेनाथ का दर्शन किया एवं मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
श्रावण में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी नगर निगम है तैयार- रौशनी खलखो
निरीक्षण के दौरान महापौर रौशनी खलखो ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पेयजल व्यवस्था, साफ सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। इस दौरान महापौर रौशनी खलखो ने कहा कि श्रावण माह के दौरान राजधानी रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक के लिए पहाड़ी मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है । उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान शिव की पूजा अर्चना कर सकें। इसके लिए पूरे श्रावण माह के दौरान निगम की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी और जरूरत के अनुसार सफाईकर्मियों की भी तैनाती की जा रही है।
नगर निगम और श्रद्धालुओं के बीच समन्वय से श्रावण मास सफल हो पाएगा- नीरज कुमार
वहीं उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि श्रावण माह को देखते हुए पहाड़ी मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष सफाई व्यवस्था लागू की गई है। सफाईकर्मी लगातार मंदिर परिसर, सीढ़ियों, मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ सफाई में जुटे हुए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि मंदिर परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम के प्रयासों में सहयोग किया जाए क्योंकि नगर निगम और श्रद्धालुओं के बीच समन्वय से से ही स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित श्रावण महोत्सव का आयोजन संभव हो सकेगा।उन्होंने विश्वास जताया कि निगम के प्रयासों से इस बार भी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पूरा श्रावण माह व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।