दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को संत एंथोनी विद्यालय की कायस्थपाड़ा स्थित मुख्य शाखा एवं पुलिस लाइन स्थित नई शाखा में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वही विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी, निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, प्राचार्य लारेब खान यादव, उप-प्राचार्य उत्पल मंडल, नई शाखा के ब्रांच इंचार्ज नीरज कुमार तिवारी तथा विजन-ई सेक्रेटरी अपर्णा भंडारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। योग सत्र का संचालन योग प्रशिक्षक उज्ज्वल गांधी एवं रोहित ओझा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्र शुभम दास एवं उनके समूह द्वारा प्रस्तुत आर्टिस्टिक योगा रहा। उनकी मनमोहक प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इस अवसर पर डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने कहा कि योग तन, मन और आत्मा को जोड़ने की कला है तथा इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जिया जा सकता है। वहीं निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने योग और प्राणायाम को स्वस्थ शरीर एवं शांत मन का आधार बताया।अंत में प्राचार्य लारेब खान यादव ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।