दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
वन महोत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और आमजन में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को जामताड़ा महाविद्यालय परिसर एवं महाविद्यालय के चाकरी परिसर में वृक्षारोपण सह पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जामताड़ा महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-दो की ओर से किया गया। वही कार्यक्रम एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रीति कुमारी के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता से संपन्न हुआ।इस दौरान महाविद्यालय परिसर और चाकरी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इनमें आम, पपीता, गम्हार, नींबू, कटहल, पीपल, नीम, तुलसी, कड़ी पत्ता सहित विभिन्न प्रकार के फूलों के पौधे शामिल थे। पौधारोपण के साथ स्वयंसेवकों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। मौके पर एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रीति कुमारी ने कहा कि पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। स्वयंसेवकों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और पोषण की जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस इकाई-दो के स्वयंसेवक भवानी कुमारी, राहुल कुमार, अर्चना कुमारी, मंशा कुमारी, आलिया कुमारी, शगुफ्ता, मंजेश, रौनक और आदित्य ने सक्रिय भूमिका निभाई।