दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो 
मुहर्रम पर्व के अवसर पर  26 जून 2026 को निकलने वाले जुलूस एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, चास (बोकारो) द्वारा विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था अपराह्न 2:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
जारी आदेश के अनुसार पेटरवार, पुरूलिया, चंदनकियारी, धनबाद तथा इलेक्ट्रोस्टील की ओर से आने वाले भारी वाहनों को विभिन्न निर्धारित स्थलों पर रोकने की व्यवस्था की गई है। साथ ही उकरीद मोड़, नया मोड़, जोधाडीह मोड़, बालीडीह एवं तेलगढ़िया क्षेत्र में चारपहिया एवं तीनपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।उकरीद मोड़ से बालीडीह तथा तेलगढ़िया मोड़ से जोधाडीह मोड़ तक कुछ मार्गों पर वाहनों का परिचालन केवल दाहिनी ओर से संचालित किया जाएगा। वहीं, नया मोड़ से उकरीद मोड़ मार्ग पर जुलूस के दौरान बसों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
माराफारी से नया मोड़ की ओर आने वाले भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है तथा उन्हें रेलवे पुल, माराफारी के समीप रोका जाएगा।बालीडीह से नया मोड़ की ओर जाने वाले वाहनों के लिए रेलवे गुड शेड, मनसा सिंह गेट एवं माराफारी होकर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।अनुमंडल प्रशासन ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्र में निर्धारित समय एवं स्थान पर वाहनों को रोकना तथा यातायात व्यवस्था का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें तथा मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करें।