दिनबंधु राउत / जामताड़ा :जामताड़ा के फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार से नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता भी मौजूद रहे। मुलाकात के क्रम में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने उपायुक्त को बुके भेंट कर सम्मान प्रकट किया। बैठक के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त आलोक कुमार ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपसी तालमेल से ही प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और आम जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। इस अवसर पर जिले में बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास कायम रखने पर भी विचार-विमर्श हुआ। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पुलिस-पब्लिक के बीच संवाद को और सशक्त किया जाए, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे। वहीं, नव पदस्थापित एसपी शंभू कुमार सिंह ने आश्वस्त किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करते हुए जामताड़ा में शांति और विकास को सुनिश्चित किया जाएगा।