रांची: राजधानी रांची में लगातार बढ़ते ट्रैफिक (Traffic) और वाहनों के दबाव को कम करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। पथ निर्माण विभाग (Road Construction Department) शहर के अलग-अलग हिस्सों में पांच नए फ्लाईओवर (Flyover) और एलिवेटेड कॉरिडोर (Elevated Corridor) बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
योजना के तहत अरगोड़ा चौक (Argora Chowk) से चापूटोली (Chaputoli) तक करीब 1.75 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके साथ सड़क चौड़ीकरण, बेहतर ड्रेनेज और सौंदर्यीकरण का कार्य भी होगा।
वहीं कार्तिक उरांव चौक (Kartik Oraon Chowk) से एलपीएन शाहदेव चौक (LPN Shahdeo Chowk) तक लगभग तीन किलोमीटर लंबा वन-वे फ्लाईओवर (One-Way Flyover) प्रस्तावित है। इससे हरमू, रातू रोड और कांके रोड क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा। इस परियोजना के तहत बिजली और संचार के तारों को भूमिगत भी किया जाएगा।
शहर के उत्तरी हिस्से में करमटोली चौक (Karamtoli Chowk) से साइंस सिटी (Science City) तक 2.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके अलावा साइंस सिटी से रिंग रोड तक फोरलेन सड़क विकसित की जाएगी, जिससे शहर और बाहरी इलाकों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
सरकार स्वर्णरेखा नदी (Subarnarekha River) और हरमू नदी (Harmu River) के किनारे भी रिवर फ्रंट के साथ एलिवेटेड फ्लाईओवर विकसित करने की तैयारी में है। हरमू मुक्तिधाम से रेडिसन ब्लू होटल तक करीब 2.2 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनने से कडरू, अशोक नगर, हिनू और आसपास के इलाकों के लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
हाल के वर्षों में सिरमटोली-मेकॉन और कांटाटोली फ्लाईओवर जैसी परियोजनाओं ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अधिकारियों का मानना है कि प्रस्तावित पांच नई परियोजनाएं रांची को आधुनिक, सुव्यवस्थित और ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने वाले महानगर के रूप में विकसित करने में अहम भूमिका निभाएंगी।