दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर में गुरुवार को आयोजित भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व जिला संयोजक एवं युवा नेता आकाश साव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में उन्होंने भाजपा का दामन थामा। इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने आकाश साव को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और पार्टी में उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के विस्तार और युवाओं की बढ़ती भागीदारी का सकारात्मक संकेत बताया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, विकास और जनसेवा की राजनीति करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं तथा उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आकाश साव अपने अनुभव और कार्यक्षमता के बल पर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वही बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को सम्मान और अवसर मिलता है। युवाओं की भागीदारी से संगठन और मजबूत होगा तथा झारखंड के विकास के लिए हमारी लड़ाई और प्रभावी बनेगी। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद आकाश साव ने कहा कि वे लंबे समय से छात्र और युवा हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा तथा बाबूलाल मरांडी के व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। आकाश साव ने कहा कि मैं भाजपा की नीतियों और विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करूंगा। युवाओं की आवाज को मजबूत बनाने और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगा। संगठन ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आकाश साव के भाजपा में शामिल होने पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।