फेनहारा | रफ्तार मीडिया
प्रखंड क्षेत्र के बारा परसौनी पंचायत स्थित परसौनी कोठी में रविवार को सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय (मॉडल स्कूल) का विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख राधेश्याम सिंह एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रेय मोना राय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर ग्रामीणों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख राधेश्याम सिंह ने कहा कि शिक्षा ही किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श विद्यालयों की स्थापना से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रेय मोना राय ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बेहतर नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कार आधारित शिक्षा देने की अपील की, ताकि वे भविष्य में समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।
विद्यालय के प्रधान शिक्षक राजीव कुमार ने कहा कि संस्थान में आधुनिक शिक्षण पद्धति के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में सहयोग की अपील की।
समारोह में बीएओ कपिल देव राम, मोहम्मद असलम, रविन्द्र तिवारी, शंभू सिंह, चुनूं सिंह, अर्जुन सिंह, डॉ. आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अभिभावक, ग्रामीण एवं पंचायत के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने विद्यालय प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस आदर्श विद्यालय के संचालन से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।