सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

रांची:रांची नगर निगम के द्वारा सोमवार को शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए एकरा मस्जिद से सुजाता चौक तक विशेष जांच एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान भवनों के सेटबैक, सड़क चौड़ीकरण के लिए गिफ्ट डीड की गई जमीन, पार्किंग व्यवस्था, ट्रेड लाइसेंस, अवैध विज्ञापन और होर्डिंग समेत विभिन्न बिंदुओं की जांच की गई।जांच के दौरान चर्च कॉम्प्लेक्स, रोसपा टावर, हेब्रोन सिटी बिल्डिंग समेत अन्य भवनों की गिफ्ट डीड वाली जमीन की मापी कर अतिक्रमण की स्थिति का चिन्हांकन किया गया। रोसपा टावर के गिफ्ट डीड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित दो प्रतिष्ठानों को हटाया गया।

रीबॉक और स्केचर्स पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना

रीबॉक और स्केचर्स पर 25-25 हजार रुपये जुर्माना
रोसपा टावर के सामने पार्किंग एवं गिफ्ट डीड की भूमि पर अनधिकृत रूप से विज्ञापन लगाए जाने के मामले में रीबॉक और स्केचर्स शोरूम पर नगर निगम ने 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। निगम की टीम ने मार्ग में किए गए अन्य अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत कब्जों को भी हटाया। कार्रवाई के दौरान पांच ठेला, एक गुमटी समेत अन्य सामान जब्त किया गया।

12 फीट से कम ऊंचाई वाले होर्डिंग हटाए

अभियान के दौरान हाईकोर्ट के आदेश के आलोक में 12 फीट से कम ऊंचाई वाले होर्डिंग और मोनोपोल को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा सड़क के मीडियन पर लगाए गए मोनोपोल भी हटाए गए।उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार ने कहा कि मास्टर प्लान के अनुरूप रांची को व्यवस्थित, सुगम और यातायात की दृष्टि से बेहतर बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। भवन उपविधि के उल्लंघन, अतिक्रमण, अवैध विज्ञापन और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।अभियान में सहायक नगर आयुक्त, सहायक नगर निवेशक समेत रांची नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।