दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा प्रखंड परिसर में शुक्रवार को जामताड़ा नर्सिंग कॉलेज, दुलाडीह के तत्वावधान में 12वीं उत्तीर्ण छात्राओं के लिए एक दिवसीय निःशुल्क जेसीईसीईबी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा कोचिंग पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं को नर्सिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना था। शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लेकर निःशुल्क पंजीकरण कराया और प्रवेश परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। शिविर में नर्सिंग कॉलेज की नामांकन प्रभारी निकिता सिंह ने छात्राओं को जेसीईसीईबी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा, नर्सिंग पाठ्यक्रम, पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया तथा नर्सिंग क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार और करियर की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। वही नामांकन प्रभारी निकिता सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल छात्रों का नामांकन करना नहीं, बल्कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन देकर उन्हें नर्सिंग के क्षेत्र में सफल करियर बनाने के लिए तैयार करना है। 12वीं उत्तीर्ण छात्राओं के लिए यह सुनहरा अवसर है, जिसमें उन्हें निःशुल्क जेसीईसीईबी प्रवेश परीक्षा की कोचिंग, ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन एक ही स्थान पर मिल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि जो छात्राएं किसी कारणवश इस पंजीकरण शिविर में शामिल नहीं हो सकीं, वे सीधे जामताड़ा नर्सिंग कॉलेज, दुलाडीह पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकती हैं। कॉलेज की ओर से उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। शिविर के दौरान छात्राओं ने नर्सिंग शिक्षा, प्रवेश प्रक्रिया और भविष्य की संभावनाओं को लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। अंत में इच्छुक छात्राओं से इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाकर अपने भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने की अपील की गई।